शनिवार, 15 सितंबर 2018

राम मन्दिर के लिए देश मे प्रभु राम की कृपा से अनुकूल माहौल बन रहा है: दिनेशचंद्र

खबर - पंकज पोरवाल 
विहिप के दिनेशचंद्र ने आचार्य रामदयाल महाराज से की मुलाकात
भीलवाड़ा । विश्व हिन्दू परिषद की केंद्रीय प्रबन्ध समिति के सदस्य दिनेश चंद्र ने रामनिवास धाम शाहपुरा पहुंच कर रामस्नेही संप्रदाय के पीठाधीश्वर जगतगुरू आचार्य स्वामी रामदयाल महाराज से मुलाकात की। करीब आधे घंटे की मुलाकात में दोनो के मध्य राम मंन्दिर, राष्ट्र व देश के वर्तमान के समसामयिक मुद्दो पर मंत्रणा हुई। विहिप के दिनेश चंद्र ने आचार्यश्री को विहिप की गतिविधियों के अलावा अक्टूबर माह में होने वाले आयोजन तथा आगामी कुंभ मेले में होने वाले आयोजनों की जानकारी दी। दोनो के बीच चली मंत्रणा में आचार्यश्री ने आरएसएस प्रचारकों व विहिप प्रचारकों को सिविल सन्यासी बताते हुए कहा कि उनके प्रवचनों में हमेशा राष्ट्रधर्म का ही उल्लेख होता है। उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि अधिकांश जनप्रतिनिधि हमारे राष्ट्र में केवल स्वार्थवश कार्य करते है जिससे लोकतंत्र आशा अनुरूप मजबूत नहीं हो पा रहा है, इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।  बाद में विहिप केंद्रीय प्रबन्ध समिति के सदस्य दिनेश चंद्र ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण का समय आ रहा है। उन्होंने कहा कि न्यायालय में मन्दिर निर्माण का मामला अंतिम दौर में है। हमारा पक्ष न्यायालय में मजबूत है, हमे पूरा विश्वास है कि न्यायालय से हमारे पक्ष में निर्णय आएगा। उन्होंने कहा कि देश मे प्रभु राम की कृपा से अनुकूल माहौल बन रहा है। देश में जो लोग कल तक मन्दिर निर्माण का विरोध करते थे, आज वही मन्दिर बनावाने की पैरवी कर रहे हैं। उन्होंने कहा संगठन में जुड़ कर समर्पित कार्यकर्ताओ के रूप में सक्रिय हिन्दू बनना ही लक्ष्य है। हम अपनी क्षमताओं को पहचान लें। जो शक्ति ईश्वर ने हमें दी है हमे उसे सम्भालने की जरूरत है। उन्होंने कहा स्वयं को विकसित करो, दीपक बनो, एक दीपक से अनेक कार्यकर्ता खड़े हो सकते हैं। हम एक हैं। हमसे अनेक कार्यकर्ता विकसित होने चाहिए। इससे पूर्व विहिप केंद्रीय प्रबन्ध समिति दिनेश चंद्र ने रामनिवास धाम में जगतगुरू आचार्य स्वामी रामदयाल महाराज का शाल ओढ़ा कर स्वागत किया तथा उनके साथ आये विहिप व अन्य पदाधिकारियों ने आचार्यश्री से आर्शिवाद प्राप्त किया। उन्होने रामनिवास धाम में जगतगुरू के करीब आधा घंटे तक प्रवचन भी सुने। इस मौके पर रामनिवास धाम के भंडारी संत जगवल्लभराम, संत रामानुरागदास महाराज, वरिष्ठ प्रचारक अशोकजी, चित्तौड़ प्रांत के संगठन मंत्री धनराज, धर्माचार्य संपर्क प्रांत प्रमुख बालमुकंद शर्मा, विभाग प्रमुख सत्यनारायण श्रोत्रिय, सह धर्माचार्य संपर्क प्रमुख भवानी शंकर शर्मा, बजरंगदल संयोजक अमित जोशी, मठ मंदिर प्रमुख राजेंद्र वैष्णव, जिला उपाध्यक्ष शशिकांत, जिला मंत्री सोहन वैष्णव, जिला मंत्री बाबूलाल, प्रचारक अजय शर्मा, माण्डलगढ के प्रखंड मंत्री हेमन्त चंदवानी आदि मौजूद थे।

Share This